महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। कोटवा इनायतनगर (मिल्कीपुर/अयोध्या)। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कोटवा इनायतनगर स्थित माँ भुवनेश्वरी देवी वैष्णो धाम मंदिर में इन दिनों श्रीमद् देवी भागवत कथा का भव्य आयोजन चल रहा है। इस भक्तिमय और अलौकिक आयोजन के दौरान कथा के विशेष प्रसंग में क्षेत्र के पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा ने शिरकत की। कथा पंडाल में पहुँचकर विधायक गोरखनाथ बाबा ने सर्वप्रथम व्यासपीठ का नमन किया और माँ भुवनेश्वरी देवी के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्रवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। शिव विवाह के प्रसंग पर गूंजे जयकारे, विधायक ने किया चरण वंदन कथा के दौरान जब कथाव्यास द्वारा भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह (शिव विवाह) का मनोरम प्रसंग सुनाया गया, तो पूरा पंडाल ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय माता दी’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर सनातन परंपरा का निर्वहन करते हुए विधायक गोरखनाथ बाबा ने भगवान शिव के स्वरूप का विधि-विधान से पांव पूजन (चरण वंदन) कर आशीर्वाद प्राप्त किया। धार्मिक आयोजनों से वातावरण होता है शुद्ध: गोरखनाथ बाबा उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए गोरखनाथ बाबा ने कहा, “श्रीमद् देवी भागवत कथा का श्रवण करने से मनुष्य के जन्म-जन्मांतर के पाप मिट जाते हैं। माँ भुवनेश्वरी देवी वैष्णो धाम जैसी पवित्र स्थली पर ऐसे आयोजन संपूर्ण क्षेत्र के वातावरण को शुद्ध और भक्तिमय बनाते हैं।” उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से हमारी भावी पीढ़ी को अपनी समृद्ध संस्कृति और संस्कारों की प्रेरणा मिलती है। कथा के दौरान भजनों और शिव विवाह के जीवंत प्रसंग पर बड़ी संख्या में मौजूद महिला व पुरुष श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर थिरकते नज़र आए। कार्यक्रम में मंदिर के मुख्य पुजारी, आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।