अयोध्या धाम समाजसेवी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जिला अस्पताल में रक्तदाताओं का बढ़ाया हौसला
महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। अयोध्या धाम समाजसेवी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रख्यात समाजसेवी सुरेश यादव रविवार को जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रक्तदान शिविर का जायजा लिया और रक्तदान करने वाले युवाओं व नागरिकों का उत्साहवर्धन किया।
समाजसेवी सुरेश यादव ने अपनी संस्था की ओर से सभी रक्तदाताओं को फल और फ्रूटी वितरित कर उनके इस सेवा भाव की सराहना की। इस मौके पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “रक्तदान ही सबसे बड़ा दान है। यह सीधे तौर पर मानव धर्म की सेवा के कार्य में लगता है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी मरते हुए व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है।”
उन्होंने पूरे देश की जनता से भावुक अपील करते हुए कहा कि हर स्वस्थ व्यक्ति को आगे आकर रक्तदान का हिस्सा बनना चाहिए। क्योंकि जीवन की डोर को टूटने से बचाने के लिए रक्तदान बेहद जरूरी है और यही सबसे बड़ा महादान है।
इस अवसर पर जिला अस्पताल ब्लड बैंक के अधिकारी, कर्मचारी सहित अयोध्या धाम समाजसेवी संस्था के कई पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।