साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को मिली राहत, पुलिस ने लौटाए पैसे

साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को मिली राहत, पुलिस ने लौटाए पैसे

 

क्रैक साइबर क्राइम अभियान के तहत 2250 रुपये की धनराशि कराई गई वापस

 

साइबर सेल की तत्परता से पीड़ित को मिला न्याय, पुलिस ने की जागरूकता अपील

 

जितेन्द्र पाठक

 

 

संतकबीरनगर। जनपद में चलाए जा रहे ‘क्रैक साइबर क्राइम’ अभियान के तहत साइबर सेल थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित को राहत दिलाई है। पुलिस की तत्पर कार्रवाई से ठगी गई 2250 रुपये की पूरी धनराशि वापस कराई गई।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के उद्देश्य से साइबर सेल टीम लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में बंजरिया रोड बघौली निवासी प्रिंस कुमार पुत्र रामकेश गुप्ता के साथ अज्ञात व्यक्ति द्वारा लाभ का प्रलोभन देकर धोखाधड़ी की गई थी, जिसमें 2250 रुपये उनके खाते से ट्रांसफर कर लिए गए थे।

घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल थाना कोतवाली खलीलाबाद में शिकायत दर्ज कराई। साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात आरक्षी रविकान्त कुशवाहा द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज की गई और प्रभावी पैरवी के माध्यम से पूरी धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई गई।

इस कार्रवाई में साइबर सेल टीम के अपराध निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार यादव (प्रभारी साइबर सेल), आरक्षी रविकान्त कुशवाहा, महिला आरक्षी रीता देवी तथा महिला आरक्षी शिवांगी सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या प्रलोभन के झांसे में न आएं। साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर क्राइम पोर्टल Cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।