भलुअनी। थाना क्षेत्र के तेनुआ चौबे गांव में शनिवार दोपहर तेज हवा के कारण एक पुराना महुआ का पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से तीन महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से देवरिया स्थित देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार दोपहर की है। गांव निवासी विमला देवी उम्र 57 वर्ष, पत्नी रामभज भारती, संजू उम्र 18 वर्ष पुत्री रुदल भारती और राबड़ी देवी अपने घर के पास महुआ के पुराने पेड़ के नीचे बैठी थीं। इसी दौरान तेज हवा चलने लगी, जिससे पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर तीनों महिलाओं के ऊपर गिर गया।
पेड़ गिरने से तीनों महिलाएं घायल हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल मदद की और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को प्राथमिक सहायता देते हुए सुरक्षित रूप से देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों की निगरानी कर रही है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा।