बाढ़ से निपटने की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

बाढ़ से निपटने की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

 

बहराइच 12 जून। जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने तथा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को बाढ़ पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। नावों, राहत सामग्री, चिकित्सा सुविधाओं, पशु चिकित्सा सेवाओं तथा सुरक्षित आश्रय स्थलों की व्यवस्था पहले से तैयार रखी जाए। उन्होंने बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। डीएम ने निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित ग्रामों का नियमित चार्ट बनाते हुए पीपीटी फाइनल कर ली जाय। साथ ही तहसीलदार को टेण्डर इत्यादि की सूचना भी उपलब्ध करायी जाय।

बैठक में सिंचाई विभाग को तटबंधों की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार मरम्मत कार्य वर्षाऋतु से पूर्व पूर्ण कराने, जबकि राजस्व विभाग को बाढ़ प्रभावित गांवों की अद्यतन सूची तैयार रखने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को दवाओं एवं चिकित्सा टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पेयजल एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने को कहा गया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन को बाढ़ संबंधी सावधानियों एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि जनहानि एवं संपत्ति के नुकसान को न्यून से न्यूनतम किया जा सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद सहित पुलिस विभाग, सिंचाई, स्वास्थ्य, पशुपालन, नगर निकाय, आपदा प्रबंधन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः