झमाझम बारिश में भी जारी रहा योग का उत्साह,21 जून को मालवीय रोड स्थित हरि मैरेज हॉल में आयोजित होगा भव्य अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम

झमाझम बारिश में भी जारी रहा योग का उत्साह,21 जून को मालवीय रोड स्थित हरि मैरेज हॉल में आयोजित होगा भव्य अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम

बस्ती । भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति और इंडियन योग एसोसिएशन की संयुक्त पहल
बस्ती। ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे योग जागरूकता पखवाड़ा के अंतर्गत आज राजकीय इण्टर कालेज, बस्ती के प्रांगण में एक अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से हो रही झमाझम बरसात भी योग साधकों के कदम नहीं रोक पाई और भारी बारिश के बीच योग प्रोटोकॉल का अभ्यास पूरे उत्साह के साथ संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति और इंडियन योग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर पतंजलि योग समिति बस्ती के जिला प्रभारी सुभाष चंद्र आर्य ने उपस्थित साधकों को योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा, “प्रकृति हमें निरंतर कर्म करने की प्रेरणा देती है। आज की यह बारिश हमारे संकल्प की परीक्षा थी, जिसमें बस्ती के योग साधक पूरी तरह सफल रहे हैं। योग केवल धूप या छांव का विषय नहीं है, यह जीवन जीने की एक कला है जो हर परिस्थिति में हमें समभाव में रहना सिखाती है।”
कार्यक्रम के दौरान सुभाष वर्मा और भारत स्वाभिमान समिति बस्ती के जिला प्रभारी ओम प्रकाश आर्य ने संयुक्त रूप से आगामी 21 जून को होने वाले मुख्य कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। उन्होंने कहा, “आगामी 21 जून को ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ के अवसर पर मालवीय रोड स्थित हरि मैरेज हॉल में एक भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए जनपद स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। हमारा लक्ष्य बस्ती के कोने-कोने तक योग का संदेश पहुंचाना है ताकि हर नागरिक स्वस्थ और ऊर्जावान बन सके।”
भारत स्वाभिमान समिति बस्ती के महामंत्री डॉ. नवीन सिंह ने अपने प्रभावशाली संबोधन में योग के वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और बढ़ते मानसिक तनाव के बीच योग ही एकमात्र ऐसा साधन है जो शरीर, मन और आत्मा को एक सूत्र में पिरोता है। हमारी इस मुहिम का उद्देश्य योग को केवल एक दिन का आयोजन न बनाकर हर व्यक्ति की दिनचर्या का हिस्सा बनाना है।”
इस अवसर पर योग शिक्षक जवाहर लाल रिजवी साहब, राम अचल चौरसिया, जवाहर यादव, दीनानाथ शुक्ल, प्रमोद गुप्ता, आर्य राय, आर्यन चौधरी, राधे गुप्ता, रंजना त्रिपाठी, सुनीता राजपूत, फूलपरी, शशि यादव, उर्मिला चौधरी, शशि श्रीवास्तव, साधना पाण्डेय और मंजूषलता पाल सहित भारी संख्या में योग साधक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।