योग बनेगा जीवन का आधार, स्वस्थ रहेगा हर परिवार
योग संकल्प अभियान के तहत 21 जून तक चलेगा विशेष योग, प्राणायाम एवं ध्यान शिविर
बस्ती। स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन की दिशा में जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “योग संकल्प” अभियान के अंतर्गत 21 जून 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे राजकीय उद्यान विभाग, बस्ती में विशेष योग, प्राणायाम एवं ध्यान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर के संयोजक एवं योग विशेषज्ञ प्रो. डॉ. नवीन सिंह ने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार है। योग, प्राणायाम और ध्यान को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर व्यक्ति शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बन सकता है। इसी उद्देश्य को लेकर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में यह विशेष योग संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अनियमित जीवनशैली एवं विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के लिए योग सबसे प्रभावी एवं प्राकृतिक माध्यम है। योग के माध्यम से स्वस्थ युवा, स्वस्थ समाज एवं स्वस्थ भारत के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
प्रो. डॉ. नवीन सिंह राष्ट्रीय महासचिव, विश्व संवाद परिषद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा प्रकोष्ठ, भारत, क्षेत्रीय सचिव अखिल भारतीय प्राकृतिक चिकित्सा परिषद नई दिल्ली, निदेशक अखंड एक्यूप्रेशर रिसर्च ट्रेनिंग एंड ट्रीटमेंट इंस्टीट्यूट प्रयागराज, अध्यक्ष पूर्वी जोन इंडियन योग एसोसिएशन उत्तर प्रदेश चैप्टर, संरक्षक पतंजलि योग पीठ इकाई बस्ती तथा महामंत्री भारत स्वाभिमान ट्रस्ट इकाई बस्ती के दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योग संकल्प अभियान का हिस्सा बनें तथा अपने परिवार और समाज को स्वस्थ बनाने में योगदान दें।