अयोध्या में जुटा विश्वकर्मा सुथार-जांगिड़ समाज, 10 जून तक चलेगी भव्य कथा और धार्मिक आयोजन

 

अयोध्या।

प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में श्री विश्वकर्मा सुथार-जांगिड़ समाज चैरिटेबल ट्रस्ट, वृंदावन-मथुरा के तत्वावधान में 3 जून से 10 जून तक भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन का शुभारंभ हुआ है। कार्यक्रम में देशभर से आए समाज के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं। आयोजन के अंतर्गत कथा, रामलला दर्शन, हनुमानगढ़ी दर्शन एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के अध्यक्ष चंदनराम पुत्र आशूराम (जैसलमेर) तथा सचिव मोहनलाल पुत्र आशूराम सुथार (जोधपुर) ने बताया कि लंबे समय से समाज की इच्छा थी कि अयोध्या धाम में एक भव्य धार्मिक आयोजन किया जाए और समाज के लोगों को रामलला के दर्शन कराए जाएं। इसी उद्देश्य से 3 जून से 10 जून तक का यह सात दिवसीय आयोजन रखा गया है।

सचिव मोहनलाल सुथार ने बताया कि इस आयोजन में संपूर्ण भारतवर्ष से समाज के लोग पहुंचे हैं तथा करीब एक हजार श्रद्धालु, जिनमें बड़ी संख्या में मातृशक्ति भी शामिल है, अयोध्या पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि रामनगरी में आकर सभी श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति हुई है और रामलला के दर्शन कर समाज के लोग भाव-विभोर हैं।

उन्होंने अयोध्या में हुए विकास कार्यों की भी सराहना करते हुए कहा कि मंदिर परिसर, घाटों, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाएं अत्यंत उत्कृष्ट हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्य देखने योग्य हैं और भविष्य में भी इसी प्रकार की जनहितकारी योजनाएं जारी रहनी चाहिए।

आयोजन समिति में अध्यक्ष चंदनराम, उपाध्यक्ष तेजस पुत्र लाखाराम (जैसलमेर), सचिव मोहनलाल सुथार सहित 21 सदस्यीय समिति कार्यक्रम का संचालन कर रही है। आयोजन में विशेष रूप से समस्त प्रवासी राजस्थानी सुथार-जांगिड़ समाज के लोग एवं देशभर से आए समाजबंधु और भक्तगण शामिल हो रहे हैं।

कार्यक्रम में कथा वाचन संत श्री चरणदास जी महाराज (नागौर) द्वारा किया जा रहा है, जबकि आयोजन को सदरी श्री लीलाबाई जी महाराज (खजवाड़ा, नागौर) का सानिध्य प्राप्त है। धार्मिक आयोजन के दौरान प्रतिदिन कथा, भजन-कीर्तन एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।