ऑल इंडिया पुलिस खेल प्रतियोगिताओं में महिला दरोगाओं का जलवा, 10 पदक जीत बढ़ाया जिले का मान
सरिता नागवंशी और शीला यादव को उत्कृष्ट प्रदर्शन पर किया गया सम्मानित
पुलिस अधीक्षक ने नगद पुरस्कार देकर बढ़ाया हौसला, खिलाड़ियों की मेहनत को मिली सराहना
जितेंद्र पाठक
संत कबीर नगर। ऑल इंडिया पुलिस एवं उत्तर प्रदेश पुलिस की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए संतकबीरनगर की महिला उपनिरीक्षकों ने जिले का नाम रोशन किया है। कुल 10 पदक जीतकर इन महिला दरोगाओं ने न केवल पुलिस विभाग बल्कि पूरे जनपद का मान बढ़ाया है।
पुलिस कार्यालय में आयोजित एक सम्मान समारोह में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह की उपस्थिति में उपनिरीक्षक सरिता नागवंशी एवं उपनिरीक्षक शीला यादव को सम्मानित किया। इस अवसर पर सरिता नागवंशी को 15,000 रुपये एवं शीला यादव को 5,000 रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
सरिता नागवंशी ने ऑल इंडिया पुलिस टेबल टेनिस प्रतियोगिता में ओपन डबल्स 50+ वर्ग में रजत पदक हासिल किया, जबकि सिंगल 50+ एवं मिक्स्ड डबल्स 50+ वर्ग में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं शीला यादव ने भी ओपन डबल्स 50+ वर्ग में रजत पदक प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया।
सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने दोनों खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि पूरे पुलिस विभाग के लिए प्रेरणादायक है और भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है।