राजकीय श्रीराम चिकित्सालय में विदाई सह स्वागत समारोह का आयोजन, नए सीएमएस ने संभाला कार्यभार
निर्वतमान सीएमएस डॉ. विनोद कुमार वर्मा को शॉल व गुलदस्ता देकर दी गई भावपूर्ण विदाई
महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या।राजकीय श्रीराम चिकित्सालय में सोमवार को विदाई सह स्वागत समारोह का भव्य आयोजन किया गया।चिकित्सालय के नए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. अजय मोहन भास्कर के आगमन पर अस्पताल के डॉक्टरों व स्टाफ ने फूल-मालाओं के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालते ही नए सीएमएस ने कहा कि अस्पताल में आने वाले हर मरीज को बेहतर और त्वरित इलाज मुहैया कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसी क्रम में, निर्वतमान सीएमएस डॉ. विनोद कुमार वर्मा के सेवाकाल और उनके सराहनीय कार्यों को याद करते हुए चिकित्सालय परिवार द्वारा उन्हें श्रद्धा पूर्वक फूल, गुलदस्ता और शॉल भेंट कर भावपूर्ण विदाई दी गई। विदाई के इन क्षणों में पूरा माहौल भावुक हो उठा। वहां मौजूद सहकर्मियों ने डॉ. वर्मा के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। भावुक हुए डॉ. विनोद कुमार वर्मा, कहा सहकर्मियों का सहयोग हमेशा याद रहेगा विदाई समारोह के दौरान निवर्तमान सीएमएस डॉ. विनोद कुमार वर्मा ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि, श्रीराम चिकित्सालय में बिताया गया समय मेरे जीवन का सबसे यादगार पल रहेगा। अस्पताल के समस्त डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और कर्मचारियों ने हर विपरीत परिस्थिति में कंधे से कंधा मिलाकर मेरा साथ दिया है। सहकर्मियों से जो मान-सम्मान और सहयोग मुझे यहां मिला, उसे मैं कभी भूल नहीं पाऊंगा। मुझे पूरा विश्वास है कि नए सीएमएस डॉ. भास्कर के कुशल नेतृत्व में यह चिकित्सालय मरीजों की सेवा के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। इस गरिमामयी अवसर पर चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. इंद्रभान विश्वकर्मा, डॉ. आर.पी. सागर और डॉ. एम.के. प्रजापति मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने नए सीएमएस का स्वागत करते हुए चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ व सुलभ बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान अस्पताल के अन्य चिकित्सक, फार्मासिस्ट, नर्सिंग स्टाफ और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी मौजूद रहे।