हिंदी पत्रकारिता दिवस राजेश महाराज ने पत्रकारिता जगत के कार्यों को सराहा, अयोध्या में पत्रकारों का हुआ भव्य सम्मान

 

अयोध्या मीडिया सेंटर व मीडिया हाउस फाउंडेशन ने आयोजित की विचार गोष्ठी; कलमकारों को भेंट किए अंगवस्त्र और श्रीराम का पट चित्र

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या धाम। हिंदी पत्रकारिता दिवस के पावन अवसर पर धर्मनगरी अयोध्या में विभिन्न पत्रकार संगठनों और सामाजिक संस्थाओं द्वारा विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। अयोध्या मीडिया सेंटर के तत्वावधान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ‘अयोध्या तीर्थ पुरोहित धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश महाराज, वरिष्ठ पत्रकार व संपादक देवेंद्र श्रीवास्तव, सनातन रक्षा संघ के अध्यक्ष माधव मुकुंद त्रिपाठी, वरिष्ठ पत्रकार सीएम यादव और प्रबंध निदेशक रूबी सोनी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। पत्रकारिता जगत का कार्य अत्यंत सराहनीय और वंदनीय: राजेश महाराज समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजेश महाराज ने पत्रकारिता जगत के योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। राजेश महाराज ने कहा पत्रकारिता जगत का कार्य समाज के उत्थान के लिए अत्यंत सराहनीय है। कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जान जोखिम में डालकर समाज और राष्ट्र को जागरूक रखना वंदनीय है। सत्य और न्याय की रक्षा में कलमकारों की भूमिका अतुलनीय रही है। लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है पत्रकारिता
वरिष्ठ पत्रकार सीएम यादव ने इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 30 मई उस गौरवपूर्ण यात्रा का स्मरण कराता है, जिसकी शुरुआत आज से लगभग 200 वर्ष पहले (1826 में) हिंदी के प्रथम समाचार पत्र ‘उदंत मार्तंड’ के प्रकाशन से हुई थी। वरिष्ठ पत्रकार देवेंद्र श्रीवास्तव व निदेशक आचार्य स्कंद दास ने कहा कि पत्रकारिता ने हमेशा जनभावनाओं को अभिव्यक्त करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रबंध निदेशक रूबी सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है, जो दबे, कुचले, शोषित और पीड़ित आम जनमानस की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। कलमकारों का हुआ सम्मान, भेंट की डायरी और पेन कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुकुंद माधव त्रिपाठी और संस्थान के संरक्षक महेंद्र उपाध्याय ने उपस्थित सभी पत्रकार साथियों को पेन व डायरी भेंट की। वहीं, निदेशक आचार्य स्कंद दास ने मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों सहित सभी पत्रकारों को अंगवस्त्र और भगवान श्री राम का पट चित्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन रूबी सोनी ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अभिषेक उपाध्याय, संजय यादव, अवध किशोर मौर्य, राजेश कुमार, मिताली रस्तोगी, निकिता, मंजू वर्मा, शिल्पी दत्ता, एडवोकेट डॉक्टर प्रदीप तिवारी और उत्तम पांडे सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मीडिया हाउस फाउंडेशन ने भी दी शुभकामनाएं
इसी कड़ी में रिकाबगंज स्थित मीडिया हाउस फाउंडेशन की ओर से भी हिंदी पत्रकारिता दिवस धूमधाम से मनाया गया। संस्था के अध्यक्ष संजीव आजाद ने देश के समस्त पत्रकारों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार सीएम यादव और अंकित सेन सहित कई पत्रकार साथी मौजूद रहे।