अयोध्या में कल से शुरू होगा भव्य पुरुषोत्तम मास महोत्सव: निकलेगी शोभायात्रा, जुटेंगे देश-विदेश से श्रद्धालु

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। रामनगरी के पंचकोसी परिक्रमा मार्ग स्थित श्रीधर धाम झालरिया मठ (बड़ा भक्तमाल की बगिया) में विश्व शांति और सर्व जनकल्याण के लिए गुरुवार 28 मई से सात दिवसीय भव्य ‘श्रीपुरुषोत्तम मास महोत्सव’ का शुभारंभ होने जा रहा है। जगतगुरु रामानुजाचार्य श्रीझालरिया पीठाधीश्वर स्वामी घनश्यामाचार्य महाराज के सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव में श्रीमद्भागवत कथा और श्रीमहालक्ष्मी महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित कई विशिष्ट हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में राजेश महेश्वरी और नवीन महेश्वरी ने बताया कि गुरुवार सुबह 8 बजे शास्त्रीनगर स्थित वेंकटेश मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो मुख्य मार्गों से होते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 108 श्रीमद्भागवत पारायण और दोपहर 3 बजे से श्रीमद्भागवत कथा की शुरुआत होगी। झालरिया मठ के युवराज स्वामी भूदेवाचार्य महाराज भक्तों को कथा का रसपान कराएंगे। शाम 6 बजे महायज्ञ के तहत दशाविधि स्नान व प्रायश्चित कर्म होगा। महोत्सव के मुख्य आकर्षण और कार्यक्रम:
29 मई (शुक्रवार) सुबह गुलाब के फूलों से श्रीलक्षार्चना, अग्नि स्थापना और कोटा के एलन मानधना परिवार द्वारा भजन संध्या। 30 मई (शनिवार): कमल पुष्प से लक्षार्चना, श्रीरामार्चा महायज्ञ और रात्रि में संगीतमय सुंदरकांड पाठ। 31 मई (रविवार): केसर से श्रीलक्षार्चना और सहस्र कलशाभिषेक। 1 जून (सोमवार): रजत पुष्प से श्रीलक्षार्चना और शाम को भगवान का कल्याणाेत्सव। 2 जून (मंगलवार) स्वर्ण पुष्प से श्रीलक्षार्चना, महायज्ञ की पूर्णाहुति और पीठाधीश्वर स्वामी घनश्यामाचार्य महाराज का पाद पूजन। 3 जून (बुधवार): मोगरा पुष्प से श्रीलक्षार्चना, कथा विश्राम, संत-आचार्य अभिनंदन और दोपहर 1 बजे महाप्रसाद के साथ महोत्सव का समापन।
आयोजकों के मुताबिक, इस भव्य महोत्सव में देश-विदेश से लगभग 8 से 10 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है, जिसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रेसवार्ता के दौरान संजय सारड़ा, नीतेश शर्मा और महेंद्र आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।