महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। ज्येष्ठ माह के पवित्र बड़े मंगलवार के शुभ अवसर पर तीर्थ नगरी अयोध्या में चारों ओर धार्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में राजकीय श्रीराम चिकित्सालय परिवार, अयोध्या द्वारा एक भव्य एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ अयोध्या धाम स्थित रामवल्लभाकुंज के अधिकारी राजकुमार दास महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से बाबा हनुमान का पूजन-अर्चन करके किया।
इस पावन अवसर पर डांडिया मंदिर के महंत गिरीश दास महाराज और पूर्व विधायक रामू प्रियदर्शी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने संतों के साथ मिलकर भगवान को भोग लगाया और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। अस्पताल परिवार की अनूठी सेवा भावना इस पूरे धार्मिक और सेवाभावी कार्यक्रम के मुख्य आयोजक एवं सर्वेसर्वा(कर्ता-धर्ता) यश प्रकाश रहे, जिनकी देखरेख में व्यवस्थाएं बेहद सुचारू रूप से संचालित हुईं। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्रीराम राजकीय चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. विनोद कुमार बर्मा, उपाधीक्षक डॉ. गौरव श्रीवास्तव और डॉ. आर.पी. सागर ने मुख्य भूमिका निभाई।
भंडारे में श्रीराम राजकीय अस्पताल के समस्त डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों ने पूरी श्रद्धा और सेवा भाव के साथ अपना अमूल्य सहयोग प्रदान किया। अस्पताल परिवार के सदस्यों ने स्वयं खड़े होकर आने-जाने वाले राहगीरों,श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को आदरपूर्वक प्रसाद ग्रहण कराया।
हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद भीषण गर्मी की परवाह किए बिना सुबह से ही भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। प्रभु श्री राम और बाबा बजरंगबली के जयकारों के बीच हजारों लोगों ने पूड़ी-सब्जी, बूंदी और ठंडे पानी का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ कमाया। संतों और अतिथियों ने श्रीराम चिकित्सालय परिवार के इस पुनीत कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा के साथ-साथ इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में समरसता और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं।