नंदा केन्द्र में भाषण व चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित।
थानेसर,प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 20 मई : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में भारत रत्न श्री गुलजारी लाल नंदा केन्द्र में भाषण व चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें कुरुक्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्यातिथि विजन कुरुक्षेत्र के अध्यक्ष मदन मोहन छाबड़ा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा विद्यार्थियों को भारतीय उत्पादों को अपनाकर देश की आर्थिक मजबूती में योगदान देना चाहिए। विशिष्ट अतिथि प्रो. आर.के. देसवाल ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और स्वावलंबन का महत्व बताते हुए जीवन में उच्च आदर्श अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में संस्कार और अनुशासन ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं।
अति विशिष्ट अतिथि सुशील सूद ने भारत रत्न गुलजारी लाल नंदा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों का अनुसरण करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नंदा जी का जीवन सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण है, जिससे युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।
नंदा केन्द्र की निदेशिका प्रो. शुचिस्मिता ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास एवं रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र का उद्देश्य युवा पीढ़ी को राष्ट्रनिर्माण, नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति से जोड़ते हुए सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित करना है।
भाषण प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में अर्थशास्त्र विभाग की डॉ. प्रिया और मैनेजमेंट विभाग से डॉ. संगीता शामिल रहीं। चित्रकला प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में ललित कला विभाग के डॉ. राकेश बानी व श्री कृष्णा म्यूजियम के क्यूरेट बलवान सिंह शामिल रहे। जूनियर ग्रुप में भाषण प्रतियोगिता में अग्रसेन पब्लिक स्कूल की नव्या ने प्रथम व प्रीसा ने दूसरा तथा एसडी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की मन्नत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
सीनियर वर्ग में अग्रसेन पब्लिक स्कूल की वंशिका ने प्रथम व रवनीत कौर ने दूसरा तथा जीएसएसएस की शबाती ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में पेंटिंग प्रतियोगिता में विज़डम वर्ल्ड स्कूल की अहसास ने प्रथम, अग्रसेन पब्लिक स्कूल की आराध्या पाहूजा ने दूसरा व आरूषि ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में पेंटिग प्रतियोगिता में अग्रसेन पब्लिक स्कूल की रजनीश ने प्रथम व नूपूर ने दूसरा तथा एसडी गर्ल्स सीनियर सैकेंडरी स्कूल की तन्नू ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कायक्रम का मंच सचालन डॉ. कुलदीप आर्य ने किया। केन्द्र की निदेशिका प्रो. शुचिस्मिता ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया।