सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में दिव्यांगजनों को किया जा रहा है लाभान्वित

 

नवीन जिन्दल फाउंडेशन और एलिम्को के संयुक्त तत्वावधान में कृत्रिम अंग वितरण कार्यक्रम संपन्न।
कृत्रिम अंग वितरण कार्यक्रम में 194 दिव्यांगजनों को दी गई सहायक सामग्री।

कुरुक्षेत्र,पिपली,प्रमोद कौशिक/वरुण कौशिक 20 मई : सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया किया जा रहा है।
सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में नवीन जिन्दल फाउंडेशन एवं एलिम्को के संयुक्त तत्वावधान में होटल मिड टाउन में कृत्रिम अंग एवं सहायक सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों और जरूरतमंद लोगों को बेहतर जीवन जीने के लिए आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध करवाना रहा। इस अवसर पर समग्र शिक्षा कुरुक्षेत्र द्वारा चिन्हित पात्रों को भी सहायक सामग्री और कृत्रिम अंग वितरित किए गये। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद 194 लोगों को व्हीलचेयर, बैटरी चालित ट्राईसाइकिल,टायलेट व्हीलचेयर, बैसाखियां, श्रवण यंत्र तथा अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष तेजिन्दर सिंह गोल्डी ने शिरकत की। उन्होंने नवीन जिन्दल फाउंडेशन, एलिम्को और समग्र शिक्षा द्वारा किए जा रहे इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही सच्ची सेवा है। ऐसे कार्यक्रम दिव्यांगजनों के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार करते हैं।
इस अवसर पर नवीन जिन्दल के कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि नवीन जिन्दल फाउंडेशन की टीम ने पूरे कुरुक्षेत्र जिले में ऐसे जरूरतमंद लोगों को चिन्हित करने के लिए विशेष अभियान चलाया था, जिन्हें कृत्रिम अंग एवं सहायक सामग्री की आवश्यकता थी। इसके बाद एलिम्को के सहयोग से सभी पात्र लाभार्थियों के लिए उपकरण तैयार करवाए गए और आज उन्हें वितरित किया गया।
उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल हमेशा समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करते रहे हैं। उनके प्रयासों से पूर्व में भी कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में एलिम्को के सहयोग से अनेक दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक सामग्री वितरित की जा चुकी है। यह अभियान लगातार आगे भी जारी रहेगा ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके।
कार्यक्रम के दौरान समग्र शिक्षा कुरुक्षेत्र के डीपीसी कृष्ण कुमार, भूषण मंगला, अजैब सिंह, विनोद गर्ग सदस्य लोक कष्ट निवारण समिति, जगत सिंह चंडीगढ़ फार्म, पूर्व सरपंच ज्ञान चंद, राजेंद्र राजपूत, पिहोवा हल्का प्रभारी जीत राम, मीना कुमारी सरपंच ठसका मीराजी, समग्र शिक्षा कुरुक्षेत्र कुरुक्षेत्र के शिक्षकों सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।