बस्ती: वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के श्रीपालपुर गांव में बीती रात एक 14 वर्षीय बालिका को किसी जहरीले जीव ने काट लिया। घटना के बाद से बालिका की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, श्रीपालपुर निवासी मनोज की 14 वर्षीय पुत्री सुहानी बीती रात अपने कमरे में सो रही थी। देर रात अचानक उसके दाहिने हाथ में तेज दर्द का अहसास हुआ, जिससे उसकी आंख खुल गई। जब बालिका ने कमरे की रोशनी जलाई, तो उसने देखा कि उसके हाथ पर काले रंग के निशान बने हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि सोते समय किसी जहरीले कीड़े या सांप ने उसे काट लिया था।दर्द से कराहती बालिका ने तुरंत कमरे से बाहर आकर इस बात की जानकारी अपनी मां गीता देवी को दी। देखते ही देखते बालिका की तबीयत बिगड़ने लगी और वह बेहोश होने लगी। बेटी की हालत बिगड़ती देख परिजन बेहद डर गए। उन्होंने बिना समय गंवाए उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल जिला अस्पताल में बालिका का इलाज जारी है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है। घटना से परिजन बेहद चिंतित हैं।