जनसमस्याओं के समाधान को लेकर बड़ा कदम: मेंहदावल में मेगा विद्युत बिल समाधान शिविर शुरू

जनसमस्याओं के समाधान को लेकर बड़ा कदम: मेंहदावल में मेगा विद्युत बिल समाधान शिविर शुरू

 

विधायक अनिल त्रिपाठी ने किया निरीक्षण, मौके पर निस्तारण के दिए निर्देश

 

22 मई तक चलेगा शिविर, उपभोक्ताओं से अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील

 

जितेंद्र पाठक

 

संतकबीरनगर (मेंहदावल)।

उत्तर प्रदेश सरकार की मंशानुरूप विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित एवं समग्र समाधान के लिए मेंहदावल विद्युत सबस्टेशन पर 15 मई से 22 मई 2026 तक ‘मेगा विद्युत बिल समाधान शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर का उद्देश्य उपभोक्ताओं की बिजली से जुड़ी सभी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करना है।

शिविर के दौरान माननीय मेंहदावल विधायक श्री अनिल त्रिपाठी ने कैंप का निरीक्षण किया और वहां मौजूद उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

विधायक श्री त्रिपाठी ने क्षेत्र के सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि यह विशेष शिविर प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक संचालित किया जा रहा है, जिसमें अधिक से अधिक लोग पहुंचकर अपने विद्युत बिल से संबंधित समस्याओं का समाधान कराएं और सरकार की इस जनकल्याणकारी पहल का लाभ उठाएं।

शिविर में अधिशाषी अभियंता (मेंहदावल), समस्त जूनियर इंजीनियर (J.E.) एवं विद्युत विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने उपभोक्ताओं की शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट निस्तारण किया। इससे लोगों में संतोष और विश्वास का माहौल देखने को मिला।

इस दौरान बेलहर विकास क्षेत्र के ब्लॉक प्रमुख श्री भूपेंद्र सिंह, पूर्व जिला उपाध्यक्ष श्री भूपेंद्र त्रिपाठी सहित विद्युत विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।