15 मई को महराजगंज जिले का दौरा करेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 

15 मई को महराजगंज जिले का दौरा करेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

नौतनवां (महराजगंज) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 मई शुक्रवार को महराजगंज जिले के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री नौतनवां विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में 203 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देंगे। कार्यक्रम के बाद वह नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी के नवनिर्मित आवास पर आयोजित गृह प्रवेश एवं सुंदरकांड कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।मुख्यमंत्री का कार्यक्रम भारत-नेपाल सीमा के समीप होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कार्यक्रम स्थल सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग तथा वीआईपी मूवमेंट को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापक तैयारियां की हैं। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के जनपद महराजगंज में प्रस्तावित आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम को सकुशल एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने हेतु जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा कार्यक्रम स्थल का संयुक्त भौतिक निरीक्षण किया गया।

इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये।