एआरटीओ प्रियंवदा सिंह की कार्रवाई: 6 स्कूली वाहन फिटनेस व परमिट फेल, थानों में निरुद्ध
मोहलत के बाद भी नहीं सुधरे स्कूल प्रबंधक, 143 वाहन बिना कागजात मिले
संत कबीर नगर में चला सघन चेकिंग अभियान, परिवहन विभाग की सख्ती जारी
जितेन्द्र पाठक
संत कबीर नगर जनपद में स्कूली वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग द्वारा सख्त प्रवर्तन अभियान चलाया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रियंवदा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि चेकिंग के दौरान 6 स्कूली वाहन फिटनेस फेल एवं परमिट फेल पाए गए, जिन्हें अभियोग दर्ज कर पुलिस चौकी कांटे एवं थाना बखिरा में निरुद्ध कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि 01 अप्रैल 2026 से ही स्कूल प्रबंधकों को वाहनों के सभी कागजात सही कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन एक महीने की मोहलत के बाद भी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। अभियान के दौरान 143 स्कूली वाहन बिना वैध कागजात के संचालित होते पाए गए, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
इस विशेष प्रवर्तन अभियान में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) बस्ती सुरेश कुमार मौर्य, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी संत कबीर नगर प्रियंवदा सिंह सहित प्रवर्तन टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।