प्रचंड जनादेश पर कप्तानगंज में गूंजा भाजपा विजय उत्सव
ढोल नगाड़ों फूल-मालाओं और आतिशबाजी साथ कार्यकर्ताओं ने मनाई ऐतिहासिक जीत की खुशी
बस्ती। पांच राज्यों के चुनाव परिणामों में तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बहुमत से सरकार बनने की खुशी में सोमवार को कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार विजय उत्सव मनाया। कप्तानगंज चौराहे पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और मिठाई वितरण के साथ जीत का जश्न मनाया। मंडल अध्यक्ष गौरव मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एकत्रित हुए और पूरे उत्साह के साथ पार्टी की ऐतिहासिक सफलता का स्वागत किया।
मंडल अध्यक्ष गौरव मणि त्रिपाठी ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव परिणाम प्रधानमंत्री के नेतृत्व, विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता की मुहर हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह विजय देशवासियों के विश्वास और पार्टी की मजबूत नीतियों का प्रमाण है।
उन्होंने विशेष रूप से असम और बंगाल जैसे राज्यों में पार्टी की मजबूती को गौरवपूर्ण बताते हुए पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के नेतृत्व की सराहना की।
इस अवसर पर पूर्व विधायक चन्द्र प्रकाश शुक्ल, जिला महामंत्री अमृत कुमार वर्मा सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान भाजपा समर्थकों का जोश और उत्साह देखने लायक रहा।कप्तानगंज में भाजपा की इस विजय खुशी ने राजनीतिक माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया।