बिना ऑपरेशन के बच्ची के गले से निकाला गया सिक्का, डॉक्टरों की सराहनीय पहल
बस्ती
कटरा पानी टंकी क्षेत्र निवासी विनय कुमार त्रिपाठी की पुत्री अवंतिका त्रिपाठी उम्र ढाई वर्ष साथ खेलते समय एक सप्ताह पहले हुई घटना ने परिजनों की चिंता बढ़ा दी थी। खेल-खेल में अवंतिका के गले में पांच रुपये का सिक्का फंस गया, जिसके बाद परिजन उसे लेकर स्थानीय डॉक्टरों के पास पहुंचे, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद सिक्का बाहर नहीं निकल सका।
परिजनों ने घरेलू उपाय के रूप में केला आदि खिलाकर भी सिक्का निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। हालत में सुधार न होने पर बच्ची को बस्ती स्थित टी एन मेमोरियल हॉस्पिटल ले जाया गया।
यहां के जी एम यू के डॉ. गया प्रसाद शुक्ला (डीएम गैस्ट्रो) ने अपनी टीम के साथ एंडोस्कोपी तकनीक के माध्यम से बिना किसी ऑपरेशन के सफलतापूर्वक सिक्के को बाहर निकाल दिया।डॉक्टरों की इस कुशलता और तत्परता से बच्ची को बड़ी राहत मिली और परिजनों ने राहत की सांस ली। इस सफल उपचार के लिए चिकित्सकों की क्षेत्र में सराहना हो रही है।