महंत एकनाथ महाराज बने तपस्वी छावनी के सचिव….. गुरु परंपरा की विरासत संभालेंगे, सेवा और सनातन का बढ़ेगा विस्तार…..

 

अयोध्या।
रामनगरी अयोध्या स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ तपस्वी छावनी में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का विस्तार किया गया है। तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगतगुरु परमहंस आचार्य के उत्तराधिकारी राजर्षि महंत एकनाथ महाराज को ट्रस्ट गठन में रजिस्टर्ड सचिव का दायित्व सौंपा गया है।
तपस्वी छावनी, जो अयोध्या की सबसे प्राचीन और प्रतिष्ठित छावनियों में गिनी जाती है, लंबे समय से संत परंपरा और धार्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रही है। यहां के पीठाधीश्वर जगतगुरु परमहंस आचार्य अपने स्पष्ट विचारों और सनातन धर्म से जुड़े मुद्दों पर मुखर भूमिका के चलते देश-विदेश में पहचान रखते हैं।
नव नियुक्त जिम्मेदारी को लेकर महंत एकनाथ महाराज ने कहा किh वह अपने गुरु की मर्यादाओं और उनके बताए मार्ग पर चलते हुए छावनी की गरिमा, सेवा, श्रद्धा और पूजा-पद्धति को पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि गुरु के सानिध्य में तपस्वी छावनी को वैश्विक पहचान मिली है, ऐसे में परंपराओं का संरक्षण और संत-सेवा उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने आगे कहा कि पद उनके लिए महत्वपूर्ण नहीं, बल्कि गुरुस्थान की व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित होती रहें, यही उनका प्रथम कर्तव्य है। गुरु के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उन पर जताए गए विश्वास को वह पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।
महंत एकनाथ महाराज ने बताया कि छावनी से जुड़े भक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन, आवास और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
तपस्वी छावनी में इस नई जिम्मेदारी के बाद संत समाज और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।