सड़क हादसे में मासूम की मौत: आवारा पशुओं को बचाने में पलटी कार, बच्चे के पिता और चालक भी घायल
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के बाघराय थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में शनिवार देर शाम एक सड़क हादसे में ग्राम प्रधान के सात साल के पौत्र की मौत हो गई। इस दुर्घटना में बच्चे के पिता और चालक भी घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, हरिहरपुर गांव की प्रधान हुलसार देवी के बड़े बेटे विशाल गौतम अपने सात वर्षीय बेटे कनिष्क गौतम और चालक सचिन के साथ शनिवार दोपहर करीब तीन बजे प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र स्थित उमरपुर गांव गए थे। शनिवार शाम करीब 8:30 बजे वापस लौटते समय जेठवारा क्षेत्र के जगदीशपुर नंदाकपुरवा के पास यह हादसा हुआ। सड़क पर अचानक आवारा पशु आ जाने से उन्हें बचाने के प्रयास में उनकी डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने घायलों को कार से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा गुलाब सिंह ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने सात वर्षीय कनिष्क गौतम को मृत घोषित कर दिया। उसके पिता विशाल गौतम और चालक सचिन का उपचार जारी है।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में गहरा शोक छा गया। मां सुषमा देवी, दादी (प्रधान) हुलसार देवी और बाबा रामलखन सहित सभी परिजन सदमे में हैं।