बनकटवा चौराहे पर ‘सूर्या साइकिल एवं इलेक्ट्रिक व्हीकल’ शोरूम का भव्य उद्घाटन

बनकटवा चौराहे पर ‘सूर्या साइकिल एवं इलेक्ट्रिक व्हीकल’ शोरूम का भव्य उद्घाटन

 

आर.सी. वर्मा बोले—ई-वाहन किफायती और पर्यावरण के लिए बेहतर विकल्प

 

क्षेत्र में आधुनिक परिवहन सुविधा बढ़ेगी, लोगों में दिखा उत्साह

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर (खलीलाबाद)। खलीलाबाद क्षेत्र के बनकटवा चौराहा स्थित ‘सूर्या साइकिल एवं इलेक्ट्रिक व्हीकल’ शोरूम का भव्य उद्घाटन बुधवार को मशहूर उद्योगपति एवं वरिष्ठ भाजपा नेता आर.सी. वर्मा ने फीता काटकर किया। इस मौके पर शोरूम संचालक अंगद कुमार चौधरी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कार्यक्रम को गरिमामय बनाया।

 

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से ‘श्री गणेशाय नमः’ के उच्चारण के साथ हुई। उद्घाटन के दौरान शोरूम में आधुनिक तकनीक से लैस इलेक्ट्रिक स्कूटर और ई-बाइक प्रदर्शित किए गए, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शोरूम पहुंचे और ई-वाहनों की खूबियों के बारे में जानकारी ली।

 

अपने संबोधन में आर.सी. वर्मा ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच इलेक्ट्रिक वाहन आम जनता के लिए किफायती विकल्प बनकर उभर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ई-बाइक और इलेक्ट्रिक स्कूटी कम खर्च में बेहतर सफर के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इलेक्ट्रिक वाहन परिवहन का प्रमुख माध्यम बनेंगे और वायु प्रदूषण में कमी लाने में सहायक होंगे।

 

इस अवसर पर अपना दल (एस) के नेता रोहित पटेल, जिला पंचायत सदस्य अशोक चौधरी, ग्राम प्रधान जगदीश चौधरी, जिला पंचायत सदस्य शैलेंद्र यादव, सुबोध यादव, दिवेश चौधरी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने शोरूम संचालक अंगद कुमार चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए इस पहल की सराहना की।

 

स्थानीय लोगों ने भी शोरूम के उद्घाटन को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया। उनका कहना है कि इससे लोगों को आधुनिक, किफायती और पर्यावरण अनुकूल परिवहन के साधन आसानी से उपलब्ध होंगे, जिससे क्षेत्र में सुविधा और जागरूकता दोनों बढ़ेंगी।