नगर पंचायत नगर बोर्ड की बैठक सम्पन्न
आधी आबादी को अधिकार दिए जाने का प्रस्ताव पारित
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना की अध्यक्षता में आयोजित नगर पंचायत नगर बोर्ड की बैठक मे नारी शक्ति वंदन अधिनियम को परिसीमन के साथ लागू कर आधी आबादी को अधिकार दिए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। बनकटी के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि, भाजपा नेता रघुनाथ सिंह के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त कर श्रद्धांजलि अर्पित किया गया। अधिशासी अधिकारी श्रृष्टि सिंह ने उत्तर प्रदेश शासन द्वारा नामित सभासद राम चंद्र सोनकर,भानु प्रताप रावत और प्रदीप निषाद प्रथम आगमन पर बैठक में पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। श्रीमती राना ने कहा कि आदर्श नगर पंचायत अपनी संस्कृतिक विरासत को संजोते हुए सेवा और विकास की परम्परा के कीर्तिमान गढ़ने की ओर निरन्तर अग्रसर है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत संकल्प के दृढ़ संकल्प को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री पूज्य योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री ए के शर्मा के नेतृत्व में विकास योजनाओं को संचालित जा रहा है।
नगर को देश के नक्शे पर स्थान दिलाने के लिए हम सभी संकल्प बद्ध हैं। उन्होंने कहा कि सभी 15 वार्डों में जन सामान्य की मूलभूत सुविधाएं बढ़ाने के लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया गया है। श्रीमती राना ने बताया कि मुख्यमंत्री नवसृजन योजना, मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना, पंडित दीन दयाल नगर विकास योजना, आकांक्षी योजना, वंदन योजना, राज्य वित्त, अमृत 2,0 योजना, नगरीय झील पोखर तालाब योजना, सीवरेज एवं जल निकासी योजना, राज्य सेक्टर पेय जल योजना,सूडा योजना में लगभग 50 करोड़ रुपए का प्रस्ताव भेजा जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना लिए 2000 लाभार्थियों का प्रस्ताव भेजा जाएगा। नगर बाजार को सोलर नगर बनाने, महापुरुषों की स्मृति में स्वागत द्वार बनाने एवं योजनाओं को महापुरुषों के नाम पर संचालित किया जाएगा। एक बड़े पार्क, इनडोर स्टेडियम, अग्नि शमन केन्द्र बनाने का प्रस्ताव पुनः शासन को भेजा जाएगा तथा नगर बाजार स्थित मंडी स्थल के जीर्णोद्धार एवं पुनरुद्धार का प्रस्ताव भेजा जाएगा। नगर पंचायत को आर्थिक दृष्टि से आत्मनिर्भर बनाने के लिए पीपीपी मॉडल पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। नगर पंचायत की सभी खाली जमीनों की पैमाईश कराकर उन्हें सुरक्षित करने के लिए अस्थाई चारदीवारी निर्माण कराया जाएगा। सभी शौचालय को स्वच्छ बनाए रखने की योजना की मॉनिटरिंग जाए तथा गर्मियों को देखते हुए सभी वॉटर कूलर निर्बाध रूप से चलती रहनी चाहिए। निराश्रित विधवा, दिव्यांग और वृद्ध जनों को चिन्हित कर पेंशन के लिए टीम गठित कर सभी को लाभ दिलाने की व्यवस्था की जाएगी। परिषदीय स्कूलों में चोरी की घटनाओं को देखते हुए उनकी चारदीवारी ऊंची कर लोहे का भाला लगाने का कार्य किया जाएगा। अध्यक्ष ने कहा कि छुट्टा जानवरों को पकड़ने के लिए अवस्थापना निधि से कैटल कैचर क्रय किया जाएगा। नगर जूनियर हाईस्कूल में डिजिटल लाइब्रेरी तथा नक्षत्र शाला बनकर तैयार है जिसको शीघ्र विद्यार्थियों के लिए समर्पित कर दिया जाएगा। सभी मोहल्लों में लटकते तार, जर्जर खंभे , ट्रांसफर क्षमता वृद्धि के लिए बिजली विभाग
को पुनः लिखा जाएगा। रात्रि कालीन बिजली दिक्कतों के लिए बिजली कर्मी के नाम और मोबाइल नंबर बिजली विभाग से बात कर सार्वजनिक किया जाएगा। वार्डों में आस्था के केंद्र बिहौती कुओं का जीर्णोधार कराया जाएगा। नगर पंचायत के सभी निष्प्रयोज्य पड़े भवनों को सार्वजनिक उपयोग के लिए बनाकर तैयार किया जाएगा। सार्वजनिक स्थलों पर जनहित के कार्यों में सहयोग के लिए बैंकों को पत्र लिखकर अनुरोध किया जाएगा। एक निःशुल्क शव वाहन उपलब्ध कराने के लिए बड़ी सार्वजनिक कंपनियों एवं उपक्रमों के सी० एस० आर० फंड के लिए अनुरोध किया जाएगा। बैठक में सभासद राजेश पाण्डेय, राज कुमार चौधरी, अखिलेश यादव, सत्यराम निषाद, राम सजन यादव, विजय साहनी, सबीना परवीन, रंजना देवी, सोनी सोनकर, किरन राजभर ,संदीप कुमार, वीरेन्द्र कुमार ने चर्चा में हिस्सा लिया। अधिशासी अधिकारी श्रृष्टि सिंह ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप भेदभाव रहित विकास हमारी प्राथमिकता है।