पृथ्वी हमारी जीवनदायिनी माताः रक्षा, विकास का लिया शपथ

पृथ्वी हमारी जीवनदायिनी माताः रक्षा, विकास का लिया शपथ

पृथ्वी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम में दिया संदेश

बस्ती। सक्षम कल्चर सेवा समिति बस्ती द्वारा बलरामपुर जनपद के एम.डी.के. बालिका इण्टर कॉलेज भगवतीगंज में विश्व पृथ्वी दिवस 2026 के अवसर पर पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का थीम ‘हमारी ऊर्जा हमारा ग्रह’ रहा । कार्यक्रम में लगभग एक हजार छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्था के प्रबंधक सक्षम श्रीवास्तव ने कहा कि पृथ्वी केवल रहने का स्थान नहीं, बल्कि हमारी जीवनदायिनी माता है, जिसकी रक्षा करना हम सभी का प्रथम कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि यदि आज हम जल, जंगल और जमीन को नहीं बचाएंगे तो आने वाली पीढ़ियां हमें कभी माफ नहीं करेंगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पौधरोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता और सौर ऊर्जा अपनाने का संकल्प लिया। विद्यालय की प्रधानाचार्य ने कहा कि छात्राएं यदि पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें तो समाज में बड़ा परिवर्तन संभव है। मुख्य अतिथि डॉ. राजेश तिवारी ने कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। वरिष्ठ शिक्षक अरविन्द मिश्रा ने कहा कि प्लास्टिक मुक्त समाज ही स्वस्थ समाज की पहचान है। शिक्षिका पूजा वर्मा ने छात्राओं को ऊर्जा बचत के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और गणमान्य लोगों में रामकुमार यादव, अमित पाण्डेय, सुनील वर्मा, अजय श्रीवास्तव, विनोद गुप्ता, संदीप मिश्रा, रवि त्रिपाठी, दीपक सिंह, संतोष शुक्ला, अभिषेक तिवारी, राकेश पांडेय, नीरज गुप्ता, शिवम वर्मा, आकाश श्रीवास्तव, गौरव मिश्र, शैलेश सिंह, अंशुमान पांडेय, मनीष यादव, प्रियांशु गुप्ता तथा अनुराग मिश्रा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी छात्राओं, शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से हाथ उठाकर पृथ्वी दिवस पर शपथ लिया । इसके बाद छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई तथा पोस्टर, निबंध और स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेता छात्राओं को पुरस्कार औरं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।