पुलिस लाइन में जीर्णोद्धारित पुलिस कैंटीन का उद्घाटन, कर्मियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

पुलिस लाइन में जीर्णोद्धारित पुलिस कैंटीन का उद्घाटन, कर्मियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

 

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने फीता काटकर किया शुभारंभ, गुणवत्ता व स्वच्छता पर दिया जोर

 

रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी दैनिक उपयोग की वस्तुएं, डिजिटल भुगतान की भी सुविधा

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना द्वारा पुलिस लाइन परिसर में जीर्णोद्धारित पुलिस कैंटीन का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इस दौरान उन्होंने कैंटीन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और वस्तुओं की गुणवत्ता का जायजा लिया।

उद्घाटन के अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता उनके मानसिक और शारीरिक कल्याण पर निर्भर करती है। ड्यूटी की व्यस्तता के बीच पुलिस कर्मियों को आवश्यक सुविधाएं आसानी से उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यह कैंटीन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कैंटीन का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को रियायती दरों पर उच्च गुणवत्ता की दैनिक उपयोगी वस्तुएं और खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। जीर्णोद्धार के बाद कैंटीन को आधुनिक स्वरूप दिया गया है, जिसमें बेहतर रैक व्यवस्था, बैठने की समुचित सुविधा और डिजिटल भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कैंटीन में उपलब्ध वस्तुओं की शुद्धता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि पुलिस कर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।