इकाना स्टेडियम में 22 अप्रैल को आईपीएल मैच के दौरान रहेगा व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन, कई मार्गों पर बड़े वाहनों की नो-एंट्री


लखनऊ।  को इकाना स्टेडियम में आयोजित होने वाले आईपीएल मैच को लेकर राजधानी में व्यापक यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू की जाएगी। यातायात पुलिस द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार 22 अप्रैल को दोपहर 15:00 बजे से मैच समाप्ति तक बड़े वाहन, बस, कामर्शियल वाहन तथा सामान्य यातायात के लिए विभिन्न मार्गों पर प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा।यातायात व्यवस्था के तहत कमता शहीद पथ तिराहा अयोध्या रोड से सामान्य यातायात को शहीद पथ होते हुए सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड और कानपुर रोड की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को कमता तिराहा, इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान चौराहा, समतामूलक चौराहा, लालबत्ती चौराहा, करियप्पा चौराहा, तेलीबाग चौराहा, बाराबिरवा चौराहा अथवा इन्दिरा नहर चौराहा से होते हुए किसान पथ के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा।इसी प्रकार शहीद पथ कानपुर रोड तिराहा से भी सामान्य यातायात को शहीद पथ के माध्यम से सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड और अयोध्या रोड की ओर जाने से रोका जाएगा। इन वाहनों को बाराबिरवा चौराहा, बंगलाबाजार चौराहा, तेलीबाग चौराहा, करियप्पा चौराहा, लालबत्ती चौराहा, 1090 चौराहा अथवा दरोगाखेड़ा किसान पथ के रास्ते अपने गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।सुल्तानपुर रोड और गोसाईगंज क्षेत्र से आने वाले बड़े वाहन, बस और कामर्शियल वाहनों को भी कई स्थानों पर प्रतिबंधित किया जाएगा। गोसाईगंज कस्बा तिराहा अथवा अमूल डेरी कटिंग से अहिमामऊ की ओर बड़े वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। ऐसे वाहनों को अमूल डेरी कटिंग से वृन्दावन योजना अथवा कबीरपुर किसान पथ के माध्यम से भेजा जाएगा।रायबरेली रोड और कैंट रोड से आने वाले बड़े वाहनों को उतरेठिया अंडरपास से शहीद पथ पर चढ़कर अहिमामऊ चौराहा अथवा कमता तिराहा की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें तेलीबाग, बाराबिरवा, करियप्पा चौराहा अथवा हरीकंशगढ़ी किसान पथ के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। वहीं हुसड़िया अंडरपास से अहिमामऊ और शहीद पथ कानपुर रोड की ओर सामान्य यातायात को भी प्रतिबंधित किया जाएगा।यातायात पुलिस के अनुसार सुल्तानपुर रोड से आने वाले सामान्य वाहनों को अमूल तिराहा से अहिमामऊ चौराहा की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को लूलू मॉल कटिंग से शहीद पथ पर चढ़ाकर उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। इसके अतिरिक्त अहिमामऊ चौराहे से प्लासियो की ओर यातायात पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा तथा वाहनों को एचसीएल तिराहा, संस्कृत तिराहा और ओवरहेड गोल चक्कर मार्ग से भेजा जाएगा।मैच के कारण शहीद पथ पर दोपहर 14:00 बजे से रात्रि 21:00 बजे तक अत्यधिक यातायात दबाव रहने की संभावना जताई गई है। ऐसे में दर्शकों के अतिरिक्त कानपुर नगर, एक्सप्रेस-वे, बाराबिरवा और अमौसी की ओर जाने वाले वाहन चालकों से अपील की गई है कि असुविधा से बचने के लिए शहीद पथ का प्रयोग न करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।इकाना स्टेडियम की पार्किंग में जाने वाले बड़े वाहन और बसों को अहिमामऊ चौराहा होकर जाना होगा। वहीं स्टेडियम तक पहुंचने के लिए यातायात दबाव से बचने हेतु शहीद पथ के स्थान पर अर्जुनगंज अथवा कैंट मार्ग का भी उपयोग किया जा सकता है।यातायात पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि 22 अप्रैल की रात्रि में भारी और बड़े वाहनों के लिए लागू नो-एंट्री का समय रात्रि 11:00 बजे तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मैच समाप्त होने और यातायात सामान्य होने तक प्रभावी रहेगा। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा आपात स्थिति में ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।साथ ही यह भी बताया गया है कि चिकित्सा संबंधी आपात स्थिति में एम्बुलेंस, स्कूली वाहन, फायर सर्विस और शव वाहन आदि को आवश्यकतानुसार प्रतिबंधित मार्गों से भी पुलिस की अनुमति के साथ गुजरने की अनुमति दी जाएगी, ताकि किसी भी आपात सेवा में बाधा उत्पन्न न हो।