हरैया में भीषण आग 8 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, किसान को भारी नुकसान

हरैया में भीषण आग 8 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, किसान को भारी नुकसान

 

बस्ती। थाना क्षेत्र के नारायणपुर तिवारी गांव में सोमवार को अज्ञात कारणों से लगी आग ने एक किसान की मेहनत पर पानी फेर दिया। गांव निवासी संदीप तिवारी की लगभग आठ बीघा खड़ी गेहूं की फसल आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गई।

बताया जा रहा है कि दोपहर के समय अचानक खेत से धुआं उठता देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तेज हवाओं के चलते लपटें तेजी से पूरे खेत में फैल गईं। ग्रामीणों ने तत्काल अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी फसल जल चुकी थी।घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस व फायर ब्रिगेड को भी अवगत कराया गया। मौके पर पहुंची टीम ने स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि अज्ञात कारणों से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

इस घटना से किसान संदीप तिवारी को भारी आर्थिक क्षति हुई है। पीड़ित किसान ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से आग लगने की घटना की जांच कर उचित सहायता प्रदान करने की अपील की है।