प्रतापगढ़ में पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित: अदम्य साहस और उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र मिला
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ में सोमवार को पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने आज अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट पुलिसिंग का प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर, गैंगस्टर एक्ट के शातिर वांछित और इनामी अभियुक्तों की त्वरित एवं प्रभावी गिरफ्तारी में सराहनीय भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें थाना फतनपुर से उपनिरीक्षक संतोष कुमार और कांस्टेबल सुशील पटेल व रुद्रांश चौबे शामिल थे। इसके अतिरिक्त, थाना संग्रामगढ़ से उपनिरीक्षक उमाशंकर सिंह और कांस्टेबल रामनरेश जाट, तथा थाना कोहंडौर से कांस्टेबल अजय गोंड को भी सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को भविष्य में भी इसी प्रकार निष्ठा, साहस और तत्परता के साथ कर्तव्य पालन करते हुए कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।