चार आरोपी गिरफ्तार: अवैध बम, चोरी की बाइक बरामद; पुलिस ने किया खुलासा
प्रतापगढ़ जिले में कोहंडौर पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध देशी बम, चोरी की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। ये आरोपी सुनसान जगहों पर राहगीरों को बम दिखाकर लूटने की योजना बना रहे थे। पुलिस कोहंडौर थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर आवले की बगिया के पास नहर पटरी से इन चारों आरोपियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान इनके पास से चार अवैध देशी बम, एक चोरी की मोटरसाइकिल जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी, एक अन्य बाइक और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए। मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सुनसान स्थानों पर राहगीरों को रोककर बम दिखाकर डराते थे और उनसे मोबाइल व नकदी छीन लेते थे। गिरफ्तारी के समय भी वे किसी वारदात को अंजाम देने के लिए जगह तलाश रहे थे। बरामद चोरी की मोटरसाइकिल की जांच में पता चला कि वह अमेठी जिले के रामगंज थाना क्षेत्र से चुराई गई थी, जिसके संबंध में पहले से ही मुकदमा दर्ज था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।