शादी की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, मचा हड़कंप

जितेन्द्र पाठक
संत कबीर नगर जनपद के खलीलाबाद शहर कोतवाली क्षेत्र के डीघा इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक लक्ष्मी होटल के पीछे स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक शादी कराने की मांग को लेकर टंकी पर चढ़ा था, जिसे देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के दौरान लक्ष्मी होटल के मालिक नंदन पांडेय ने भी काफी सतर्कता और समझदारी दिखाई। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को शांत रखने में सहयोग किया और पुलिस को सूचना देने में सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे स्थिति को संभालने में मदद मिली।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ सिटी) प्रियमराजशेखर पांडेय, खलीलाबाद शहर कोतवाल जयप्रकाश दुबे, चौकी इंचार्ज इंडस्ट्रियल एरिया धर्मेंद्र कुमार मिश्रा सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने काफी देर तक समझा-बुझाकर युवक को शांत कराया और सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पुलिस उसे खलीलाबाद शहर कोतवाली ले आई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि युवक कोतवाली क्षेत्र के चंगेरा मंगेरा गांव का रहने वाला है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और युवक के इस कदम के पीछे की वजह जानने का प्रयास कर रही है।