लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पिछले नौ वर्षों से समग्र विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस दौरान प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने के साथ समाज के हर वर्ग के उत्थान को भी सुनिश्चित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रभावी निगरानी में सीएम डैशबोर्ड अहम भूमिका निभा रहा है। इसके माध्यम से जनसुनवाई, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा राजस्व कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है, जिससे जिलों को बेहतर प्रशासनिक मानक स्थापित करने में मदद मिल रही है।इसी क्रम में सीएम डैशबोर्ड की मार्च माह की रिपोर्ट में प्रदेशभर में हमीरपुर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया है, जबकि बरेली दूसरे और रामपुर तीसरे स्थान पर रहा है।सीएम डैशबोर्ड द्वारा प्रत्येक माह जिलों के राजस्व, विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर रिपोर्ट जारी की जाती है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत प्रदेश के 49 विभागों के 110 कार्यक्रमों का विभिन्न मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया जाता है, जिसके बाद जिलों की रैंकिंग तय की जाती है। मार्च माह की रिपोर्ट में हमीरपुर ने विकास एवं राजस्व कार्यों की संयुक्त रैंकिंग में 10 में से 9.55 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बरेली ने 9.54 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान पाया, जबकि रामपुर ने 9.51 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।जिलाधिकारी रामपुर अजय कुमार द्विवेदी के अनुसार, सीएम डैशबोर्ड की रिपोर्ट उन जिलों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करती है, जिन्होंने प्रशासनिक दक्षता, विकास कार्यों और राजस्व प्रबंधन में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप रामपुर में विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप रामपुर लगातार कई माह से टॉप टेन जिलों में अपनी जगह बनाए हुए है।रिपोर्ट के अनुसार टॉप फाइव जिलों में मैनपुरी ने चौथा तथा हरदोई ने पांचवां स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा टॉप टेन जिलों में शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, जालौन, सोनभद्र और कौशांबी ने भी अपनी जगह बनाई है।