लखनऊ थाना कृष्णानगर पुलिस ने ई-रिक्शा से बैट्री चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 8 अदद ई-रिक्शा बैट्रियां बरामद की हैं। पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 02 अप्रैल 2026 को वादी अंकित कुमार पुत्र जंगली प्रसाद निवासी एलडीए कॉलोनी, कानपुर रोड, थाना कृष्णानगर, लखनऊ द्वारा थाना कृष्णानगर पर तहरीर देकर बताया गया कि 24 मार्च 2026 की देर रात्रि में अज्ञात चोरों ने उनके ई-रिक्शा संख्या यूपी-32 एनएन 8313 से बैट्री चोरी कर ली थी। इस सूचना के आधार पर थाना कृष्णानगर में मु0अ0सं0-0147/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक कृष्णानगर द्वारा अभियोग के सफल अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित पुलिस टीमों द्वारा लगभग 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की गई तथा साक्ष्य संकलित किए गए। इसी क्रम में मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए 03 अप्रैल 2026 को थाना कृष्णानगर क्षेत्र के डाला स्टैण्ड, फिनिक्स मॉल के निकट से चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार अभियुक्तों में विकास रावत पुत्र स्वर्गीय भगवानदीन निवासी हंसखेड़ा डूडा कॉलोनी थाना पारा, धर्मेन्द्र गौतम पुत्र रामदास निवासी हंसखेड़ा थाना पारा, निखिल मिश्रा उर्फ मंगल पुत्र वेदप्रकाश मिश्रा निवासी रजनीखण्ड थाना आशियाना तथा कृष्णा कनौजिया पुत्र विष्णु कनौजिया निवासी स्नेहनगर चन्द्रा गेस्ट हाउस के पास थाना कृष्णानगर शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों की आयु लगभग 19 से 20 वर्ष के बीच बताई गई है।पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने लगभग एक सप्ताह पूर्व एलडीए कॉलोनी स्थित कमेटी हाल के पास घर के बाहर खड़े एक ई-रिक्शा से चार बैट्रियां चोरी की थीं। इसके अतिरिक्त चार दिन पूर्व मोहनलालगंज क्षेत्र के एक गांव से भी घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा से चार बैट्रियां चोरी की थीं। चोरी की गई सभी बैट्रियों को अभियुक्तों ने डाला स्टैण्ड के पास छिपाकर रखा था और उन्हें बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त विकास रावत एवं निखिल मिश्रा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। विकास रावत के विरुद्ध चिनहट, मानकनगर, सरोजनीनगर तथा सुशांत गोल्फ सिटी थानों में चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि निखिल मिश्रा के विरुद्ध कृष्णानगर एवं मलिहाबाद थानों में भी चोरी के मामले दर्ज पाए गए हैं। अन्य अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी संबंधित थानों से प्राप्त की जा रही है।पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की 08 अदद ई-रिक्शा बैट्रियां बरामद की हैं। इस संबंध में मु0अ0सं0-0147/2026 धारा 303(2)/317(2)/317(5) भारतीय न्याय संहिता थाना कृष्णानगर, कमिश्नरेट लखनऊ के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस पूरी कार्रवाई को कोतवाली कृष्णानगर पुलिस टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।