– योगी सरकार की ‘कायाकल्प’ योजना और शिक्षकों के नवाचार से सरकारी स्कूलों के प्रति बढ़ा अभिभावकों का विश्वास – नितेश शर्मा
– प्राथमिक विद्यालय परसा-दमया में अंक पत्र और पुरस्कार पाकर खुश हुए बच्चे
बस्ती। रुधौली विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय परसा-दमया में सोमवार को वार्षिक परीक्षा फल एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा नेता एवं समाज सेवी नितेश शर्मा ने मेधावी छात्र-छात्राओं को अंक पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नितेश शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के परिषदीय विद्यालयों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने प्रधानाध्यापक राजेश कुमार मिश्र के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि, “प्रधानाध्यापक के कुशल संयोजन और शिक्षकों की कड़ी मेहनत का परिणाम है कि आज यह प्राथमिक विद्यालय गुणवत्ता और अनुशासन में स्थानीय निजी स्कूलों को कड़ी टक्कर दे रहा है।” उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की ‘कायाकल्प’ योजना और शिक्षकों के नवाचार से सरकारी स्कूलों के प्रति अभिभावकों का विश्वास फिर से लौटा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रधान प्रतिनिधि राकेश उपाध्याय ने अपने संबोधन में शिक्षा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि, “किसी भी समाज की उन्नति का आधार उसकी प्राथमिक शिक्षा होती है। आज इस विद्यालय की व्यवस्था और बच्चों का अनुशासन देखकर गर्व होता है।” उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की शिक्षा के प्रति निरंतर सजग रहें और विद्यालय के साथ समन्वय बनाए रखें। उन्होनें विद्यालय परिवार के प्रयासों को क्षेत्र के लिए एक मिसाल बताया।
प्रधानाध्यापक राजेश कुमार मिश्र ने विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए अतिथियों का स्वागत किया। पुरस्कार पाकर नन्हे-मुन्ने बच्चों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम में विद्यालय के सहायक अध्यापक बलजीत, परमवीर गौड़, विपिन कुमार सहित अभिभावक एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।