24 घंटे में लूट का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

24 घंटे में लूट का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

 

महुली पुलिस की बड़ी सफलता, तमंचा व लूटा बैग बरामद

 

रेकी के बाद वारदात, पूछताछ में कबूल किया जुर्म

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर, जनपद की महुली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लूट की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और लूटा गया बैग बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को अगया उर्फ सिदाही मोड़ से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलशन गौतम पुत्र कन्हैया लाल, निवासी भगौतीपुर, थाना महुली के रूप में हुई है।

क्या है मामला?

पीड़ित दानिश पुत्र अजीजुल्लाह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मुर्गी फार्म में काम करता है। 30 मार्च की सुबह वह मुर्गी लोड कर बाइक से घर लौट रहा था। भगौतीपुर पुलिया के पास एक युवक ने तमंचा सटाकर उसका बैग लूट लिया और फरार हो गया।

इस संबंध में थाना महुली में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की है।

पूछताछ में खुलासा

आरोपी ने बताया कि वह कई दिनों से पीड़ित की गतिविधियों पर नजर रख रहा था और मौका पाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।

बरामदगी में शामिल

अवैध तमंचा (.12 बोर), जिंदा कारतूस और लूटा गया बैग, जिसमें बाट-माप मशीन, मोबाइल चार्जर व फर्म की रसीदें थीं।