लखनऊ हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा जारी परिपत्र संख्या-35 दिनांक 23 मार्च 2026 के माध्यम से हज-2026 के यात्रियों को अंतिम किश्त जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्व में हज यात्रियों द्वारा कुल 2,77,300 रुपये की धनराशि जमा की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त शेष धनराशि 31 मार्च 2026 तक हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई के खाते में पूर्व की भांति स्टेट बैंक अथवा यूनियन बैंक के माध्यम से हज कमेटी की वेबसाइट से भुगतान पर्ची प्राप्त कर या डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, एकीकृत भुगतान प्रणाली अथवा नेट बैंकिंग के माध्यम से जमा करनी होगी।उड़ान स्थल के अनुसार कुल व्यय एवं जमा की जाने वाली अवशेष धनराशि इस प्रकार निर्धारित की गई है। दिल्ली से जाने वाले यात्रियों के लिए कुल व्यय 3,46,600 रुपये निर्धारित है, जिसमें पूर्व में जमा 2,77,300 रुपये के अतिरिक्त 69,300 रुपये शेष जमा करने होंगे। लखनऊ से जाने वाले यात्रियों के लिए कुल व्यय 3,52,550 रुपये है, जिसमें 75,250 रुपये अतिरिक्त जमा करने होंगे। मुंबई से जाने वाले यात्रियों के लिए कुल व्यय 3,40,250 रुपये है, जिसमें 62,950 रुपये शेष जमा करने होंगे। अहमदाबाद से जाने वाले यात्रियों के लिए कुल व्यय 3,33,200 रुपये निर्धारित है, जिसमें 55,900 रुपये जमा करने होंगे। हैदराबाद से जाने वाले यात्रियों के लिए कुल व्यय 3,43,350 रुपये निर्धारित है, जिसमें 66,050 रुपये शेष जमा करने होंगे।उक्त अवशेष धनराशि में कुर्बानी के लिए जमा की जाने वाली धनराशि सम्मिलित नहीं है। जिन हज यात्रियों ने अदाही कुर्बानी का विकल्प चुना है, उन्हें 17,280 रुपये अतिरिक्त जमा करने होंगे। इसके अतिरिक्त शिया हज यात्री, जो किसी भी उड़ान स्थल से जेद्दाह जाएंगे, उन्हें जोहफा मीकात हेतु 5,520 रुपये की अतिरिक्त धनराशि जमा करनी होगी।उक्त धनराशि में भोजन व्यवस्था को छोड़कर हवाई किराया, हवाई अड्डा कर, बीमा तथा अन्य आवश्यक व्यय सम्मिलित हैं। भोजन व्यवस्था के संबंध में बाद में पृथक सूचना जारी की जाएगी, जिसके लिए निर्धारित धनराशि अलग से जमा करानी होगी।