बनकटी में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत नवदंपत्तियों को मिला सहयोग
बनकटी / बस्ती ( अनुराग लक्ष्य न्यूज ) सोमवार को बनकटी ब्लॉक सभागार कक्ष में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी की शुरुआत के लिए आवश्यक सामग्री एवं आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
कार्यक्रम में बीडीओ भवानी प्रसाद शुक्ल, एडीओ पंचायत आशुतोष पटेल तथा समाज कल्याण अधिकारी राजन चौधरी की उपस्थिति में लाभार्थियों को गैस चूल्हा, मिक्सर मशीन और कैसरोल वितरित किया गया। अधिकारियों ने स्वयं नवदंपत्तियों को सामग्री देकर उन्हें नए जीवन की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर बीडीओ भवानी प्रसाद शुक्ल ने कहा कि प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को विवाह के दौरान आर्थिक सहायता के साथ-साथ उपयोगी घरेलू सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उनका जीवन सुगम बन सके।
एडीओ पंचायत आशुतोष पटेल ने कहा कि सरकार की मंशा है कि समाज के हर वर्ग को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिले और इस योजना के जरिए जरूरतमंदों को सहयोग मिल रहा है। वहीं समाज कल्याण अधिकारी राजन चौधरी ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पात्र लाभार्थियों को पारदर्शी तरीके से योजना का लाभ दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना की सराहना करते हुए इसे गरीबों के लिए सहायक बताया।