वार्ड नंबर 12 जिला पंचायत सदस्य अमित चौधरी के नेतृत्व में अंडरपास की मांग को लेकर भैसा गांव के ग्रामीणों नें रेलवे ट्रैक के किनारे किया जोरदार प्रदर्शन
रेलवे लाइन से आवागमन बाधित, किसानों और ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश
मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर (खलीलाबाद):
खलीलाबाद तहसील क्षेत्र के सेमरियावा ब्लॉक अंतर्गत भैसा गांव के ग्रामीणों ने बुधवार सुबह करीब 8 बजे खलीलाबाद-लखनऊ रेल मार्ग पर अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व वार्ड नंबर 12 के जिला पंचायत सदस्य अमित चौधरी ने किया। बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी समस्या को गंभीरता से उठाया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के पास से गुजर रही रेलवे लाइन के कारण आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह रास्ता भैसा से कुशमैनी होते हुए यह मार्ग दर्जनों गांवों को जोड़ता है, लेकिन अंडरपास न होने के कारण लोगों को लंबा और असुविधाजनक रास्ता अपनाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि अंडरपास बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
किसानों ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि सड़क के एक तरफ राष्ट्रीय राजमार्ग और दूसरी तरफ रेलवे लाइन होने के कारण उनके खेत दूसरी ओर स्थित हैं। खेतों तक पहुंचने के लिए उन्हें कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी होती है। इसका सीधा असर खेती-किसानी पर पड़ रहा है। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों के लिए स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांग जल्द पूरी नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द अंडरपास निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके और उनका जनजीवन सामान्य बन सके।ग्राम पंचायत भैंस शहरी ग्राम के दीपक कुमार ,पवन कुमार, दिनेश कुमार, श्याम, शेशलाल, मोतीलाल, जितेंद्र, साहब राम, नायक राम, मुन्नीलाल ,अवधेश, ओमप्रकाश, राम चेत, अंकेश कुमार, एवं समस्त ग्रामवासी