ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम, पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन के निर्देश
लखनऊ:प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को गति देने के लिए राज्य सरकार ने पंप्ड स्टोरेज पावर परियोजनाओं के तेजी से क्रियान्वयन पर जोर दिया है। इसी क्रम में इन्वेस्ट यूपी कार्यालय में औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्वीकृत परियोजनाओं के संचालन में आ रही बाधाओं को समयबद्ध तरीके से दूर करने के निर्देश दिए गए।बैठक में मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और ऊर्जा भंडारण व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियामकीय और प्रक्रियागत अड़चनों को शीघ्र दूर कर परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाए।मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निवेश के लिए एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। राज्य सरकार आधुनिक तकनीकों को अपनाने के साथ-साथ सुगम व्यापार व्यवस्था को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने परियोजना डेवलपर्स को आश्वस्त किया कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।बैठक में वन एवं राजस्व अभिलेखों से जुड़ी विसंगतियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए। साथ ही भूमि आवंटन से संबंधित बाधाओं को समाप्त करने के लिए विभागों को समन्वित कार्ययोजना बनाने पर बल दिया गया, ताकि परियोजनाओं में किसी प्रकार की देरी न हो।इस अवसर पर विभिन्न प्रमुख ऊर्जा कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और परियोजनाओं की प्रगति से संबंधित जानकारी साझा की। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध ढंग से कार्य कर रही है, जिससे परियोजनाओं का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।बैठक में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।