विकास कार्य ठप होने पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, पंडोखर में जोरदार प्रदर्शन
मनरेगा मजदूरी बकाया, सड़क-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव पर उठे सवाल
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर बघौली, ब्लॉक क्षेत्र के पंडोखर ग्राम सभा अंतर्गत राजस्व ग्राम परसवा में मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। लंबे समय से विकास कार्य न होने और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मुन्ना गोस्वामी और रोजगार सेवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बीते पांच वर्षों में गांव के विकास के नाम पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। सड़क, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं आज भी ग्रामीणों के लिए समस्या बनी हुई हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ, जिससे उन्हें विरोध का रास्ता अपनाना पड़ा।
इसी दौरान मनरेगा में कार्यरत महिलाओं ने भी अपनी पीड़ा जाहिर की। उनका आरोप है कि उनसे काम तो कराया गया, लेकिन अब तक मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया। महिलाओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मेहनत के बदले उन्हें सिर्फ एक समोसा देकर टाल दिया गया, जो उनके सम्मान के साथ खिलवाड़ है।
ग्रामीणों ने बताया कि जब इस संबंध में ग्राम प्रधान से जवाब मांगा गया, तो कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। इससे लोगों में और अधिक नाराजगी फैल गई।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने गांव में शीघ्र विकास कार्य शुरू कराने और बकाया मजदूरी का भुगतान कराने की भी मांग उठाई है।