भव्य कलश यात्रा के साथ हनुमत महायज्ञ का शुभारंभ, ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंजा बूधा कला

भव्य कलश यात्रा के साथ हनुमत महायज्ञ का शुभारंभ, ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंजा बूधा कला

 

पूर्व विधायक जय चौबे ने किया शुभारंभ, हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी से भक्तिमय बना माहौल

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर।जनपद के सेमरियावां ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बूधा कला में आयोजित ‘श्री मारुति नंदन हनुमत महायज्ञ’ का शुभारंभ शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। पहले दिन ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने

 

विधि-विधान के साथ कलश यात्रा का शुभारंभ किया। आयोजन समिति के सदस्यों ने उन्हें फूल-मालाओं से स्वागत कर सम्मानित किया। इसके बाद जय चौबे ने हजारों श्रद्धालुओं के साथ लगभग एक किलोमीटर तक पैदल चलकर कलश यात्रा में सहभागिता निभाई।

 

कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के ‘जय श्रीराम’ और ‘हनुमान जी की जय’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ यात्रा में शामिल हुए।

 

आयोजन समिति के अनुसार यह धार्मिक अनुष्ठान सात दिनों तक चलेगा, जिसमें संगीतमय श्रीराम कथा के साथ-साथ आकर्षक धार्मिक झांकियों का भी आयोजन किया जाएगा।

 

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि अवधेश सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष गजेंद्र पांडे, धर्मेंद्र नाथ तिवारी ‘आडवाणी’, रजनीश तिवारी, बैजनाथ पाठक, अजय पांडे, हरिश्चंद्र शुक्ला, गुलाब शुक्ला, राम शंकर शुक्ला, राम शंकर चौरसिया सहित सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी और श्रद्धालु कलश यात्रा में शामिल हुए।