बेटे की सड़क दुर्घटना को बताया हत्या: पिता ने पुलिस पर दबाव बनाकर दर्ज कराया झूठा केस, पुलिस ने किया गिरफ्तार

बेटे की सड़क दुर्घटना को बताया हत्या: पिता ने पुलिस पर दबाव बनाकर दर्ज कराया झूठा केस, पुलिस ने किया गिरफ्तार

प्रतापगढ़ में कोहंडौर थाना क्षेत्र में अपने बेटे की सड़क दुर्घटना को हत्या का रूप देकर झूठा मुकदमा दर्ज कराने और धन उगाही का प्रयास करने के आरोप में पुलिस ने पिता को गिरफ्तार किया है। आरोपी रामचन्दर (50 वर्ष) को उसके घर से पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, कोहंडौर थाने में दर्ज इस मामले की विवेचना सीओ नगर ने निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों का गहन परीक्षण किया गया।

जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मृतक की मौत मोटरसाइकिल के विद्युत पोल से टकराने के कारण हुई सड़क दुर्घटना में हुई थी। मुकदमे में नामजद लोगों की घटना में किसी प्रकार की संलिप्तता नहीं पाई गई।पुलिस ने बताया कि आरोपी ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए झूठा मुकदमा दर्ज कराया था। उसने नामजद लोगों के परिजनों को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर उनसे रुपये मांगने का भी प्रयास किया। पूछताछ में आरोपी रामचन्दर ने स्वीकार किया कि कुछ दिन पहले उसके बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद उसने शव रखकर भीड़ इकट्ठा की और पुलिस पर दबाव बनाते हुए दुर्घटना को हत्या बताकर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया। उसने यह भी बताया कि वह मुकदमे में नामजद लोगों के परिजनों को धमकाकर रुपये मांग रहा था।