तीन गांवों में चौपाल लगाकर नीति आयोग की टीम ने लाभार्थियों से किया संवाद
बस्ती। भारत सरकार के नीति आयोग की टीम ने मंगलवार को आकांक्षी ब्लॉक हर्रैया के तीन गांवों—बरहपुर कुंवर, भीटी मिश्र और महुआपार—में चौपाल लगाकर विकास कार्यों की पड़ताल की और लाभार्थियों से सीधा संवाद किया। टीम ने यह जानने का प्रयास किया कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तव में ग्रामीण जनता तक पहुंच रहा है या नहीं।
मंगलवार को भारत सरकार के नीति आयोग के सदस्य एवं उपभोक्ता खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के निदेशक जीतेश शर्मा तथा गृह मंत्रालय भारत सरकार के उप सचिव सुभाष कुमार हर्रैया ब्लॉक पहुंचे। उन्होंने ग्राम पंचायत बरहपुर कुंवर में आंगनबाड़ी केंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया तथा टीकाकरण व अन्य स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
इसके बाद अधिकारियों का काफिला भीटी मिश्र गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर पहुंचा। यहां आंगनबाड़ी केंद्र पर गर्भवती व धात्री महिलाओं से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई। विद्यालय परिसर में आयोजित चौपाल में नीति आयोग की टीम ने ग्रामीणों और लाभार्थियों से सीधा संवाद कर उज्ज्वला योजना, कृषि बीमा, मनरेगा, शिक्षा, निःशुल्क बोरिंग, पट्टा आदि योजनाओं के लाभ की जानकारी प्राप्त की।
टीम ने उत्तर प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से भी बातचीत की। स्वयं सहायता समूह की सदस्य रजनी, सुनीता सहित अन्य महिलाओं से समूह से जुड़ने के बाद होने वाली आमदनी और रोजगार के अवसरों के बारे में पूछताछ की गई। इसके बाद अधिकारियों का काफिला ग्राम पंचायत महुआपार स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय पहुंचा, जहां चौपाल के माध्यम से लाभार्थियों से संवाद किया गया। यहां जय मां काली स्वयं सहायता समूह की सुनीता, किरण वर्मा, मीरा देवी सहित अन्य महिलाओं से समूह के माध्यम से होने वाले लाभ और उत्पादों के बारे में जानकारी ली गई। वहीं आयुष्मान कार्ड की लाभार्थी पूनम देवी, गुड़िया देवी, किरण पत्नी गोपाल तथा स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़ी रेखा देवी, सुनीता और उमा से भी योजनाओं के लाभ के बारे में बातचीत की गई। खंड विकास अधिकारी विनय कुमार द्विवेदी ने विकासखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी। टीम ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर आंगनबाड़ी कार्यकत्री प्रभावती देवी और सहायिका भुवनेश्वरी देवी से बच्चों की गतिविधियों व पोषण कार्यक्रम के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, पंचायत विभाग, कृषि विभाग, शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और लाभार्थी भी उपस्थित रहे।