नौतनवां नगरपालिका के अन्तर्गत मुहल्ला गांधीनगर में पिता ने अपने बच्चों का बना हत्यारा

नौतनवा(महराजगंज) नौतनवां नगरपालिका अन्तर्गत मुहल्ला गांधीनगर में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी। जहां एक पिता ने अपने ही दो मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद स्वयं आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी।

 

जानकारी होते ही घटना स्थल पर पुलिस और एसएसबी के अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गये।

 

बताया जा रहा है कि अमरेश कुमार पुत्र मन्नू राम निवासी मिर्जापुर थाना सैदपुर जनपद गाजीपुर,अपनी पत्नी वंदना और दो बच्चों के साथ नौतनवां कस्बे के गांधीनगर में किराए के मकान में रह रहा था। उसकी पत्नी वंदना एसएसबी में सफाईकर्मी के पद पर तैनात है।

 

जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह एस.एस.बी में ड्यूटी कर वंदना आफिस चली गई थी। इसी दौरान घर में अकेले रहे अमरेश कुमार ने अपनी साढ़े तीन वर्षीय बेटी कंचन को खिड़की की ग्रिल से फंदा लगाकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद अपने ढाई वर्षीय बेटे अमरेंद्र कुमार का गला दबाकर उसकी भी हत्या कर दी।

बताया जा रहा है कि बच्चों की हत्या करने के बाद अमरेश ने अपनी कलाई की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। इसके बाद उसने अपनी पत्नी को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पत्नी घबराकर घर की ओर रवाना हुई, लेकिन उससे पहले ही अमरेश ने कमरे में छत की कुंडी से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।

 

सूत्रों के अनुसार घटना से पहले अमरेश कुमार ने घर की दीवार पर कुछ बातें लिखी थीं, जिससे पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि इस संबंध में अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

 

मौके पर पहुंचे पुलिस व प्रशासन के अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर एडिशनल एसपी सिद्धार्थ , तहसीलदार कर्ण सिंह, सीओ अंकुर गौतम और थाना प्रभारी पुरुषोत्तम राव समेत पुलिस व एसएसबी के अधिकारी मौजूद रहे। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्यों का संकलन किया।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

इस संबंध में एडिशनल एसपी सिद्धार्थ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फोरेंसिक टीम द्वारा मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।