एआरटीओ ने ओवरलोड वाहन सीज किया: बाघराय थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत कार्रवाई जारी
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के बिहार ब्लॉक के बाघराय थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। एआरटीओ प्रवर्तन दिलीप गुप्ता ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर एक ओवरलोड वाहन को जब्त कर सीज कर दिया। यह कार्रवाई बाघराय थाना परिसर में की गई। एआरटीओ दिलीप गुप्ता ने बताया कि यह अभियान विशेष रूप से उन वाहनों को लक्षित कर रहा था जो निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर सड़कों पर चल रहे थे। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोका गया, जिसकी जांच में उस पर क्षमता से अधिक भार पाया गया। जब्त किए गए वाहन पर अब भारी जुर्माना लगाया जाएगा। एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि यह चेकिंग अभियान देर शाम तक जारी रहेगा। इसका उद्देश्य नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य वाहनों पर भी अंकुश लगाना है। अभियान के दौरान, एआरटीओ ने स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि रिक्शा, ऑटो और स्कूल बसों में बच्चों को क्षमता से अधिक बैठाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। दिलीप गुप्ता ने बताया, “शासन और प्रशासन द्वारा स्कूली वाहनों के लिए विशेष दिशा-निर्देश निर्धारित किए गए हैं। यदि कोई वाहन असुरक्षित पाया जाता है या क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाता है, तो न केवल वाहन पर कार्रवाई होगी, बल्कि संबंधित स्कूल प्रबंधन को भी नोटिस भेजा जाएगा ताकि वे फिट और सुरक्षित वाहनों का ही उपयोग सुनिश्चित करें।”
इस कार्रवाई से ओवरलोडिंग करने वाले वाहन मालिकों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन का कहना है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण भविष्य में भी जारी रहेंगे।