जर्मनी में रक्षा प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश ने प्रस्तुत की औद्योगिक क्षमता

लखनऊ।Yogi Adityanath के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार राज्य को रक्षा एवं उच्च प्रौद्योगिकी विनिर्माण का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। इसी क्रम में जर्मनी के न्यूरेम्बर्ग में आयोजित अंतरराष्ट्रीय रक्षा प्रदर्शनी में उपमुख्यमंत्री Keshav Prasad Maurya तथा सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री Sunil Kumar Sharma के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया।
न्यूरेम्बर्ग मेसे परिसर में आयोजित प्रदर्शनी के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मानव रहित प्रणालियों पर केंद्रित विशेष रक्षा प्रदर्शन का अवलोकन किया। इस अवसर पर विभिन्न अंतरराष्ट्रीय कंपनियों द्वारा विकसित अत्याधुनिक रक्षा एवं ड्रोन तकनीकों की जानकारी प्राप्त की गई।उपमुख्यमंत्री एवं आईटी मंत्री ने कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उत्तर प्रदेश रक्षा औद्योगिक गलियारा, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण नीति, डेटा सेंटर नीति तथा राज्य की निवेश-अनुकूल औद्योगिक व्यवस्था की विशेषताओं को प्रस्तुत किया। ड्रोन विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास, कौशल विकास तथा तकनीकी हस्तांतरण के क्षेत्र में संभावित सहयोग पर सकारात्मक चर्चा हुई।जर्मनी प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने फ्रैंकफर्ट एवं हेसेन क्षेत्र में निवेश संवर्धन के लिए महत्वपूर्ण बैठकें भी कीं। हेसेन राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ औद्योगिक एवं प्रौद्योगिकीय सहयोग को संस्थागत रूप देने पर सहमति बनी। सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में जर्मन उद्योग प्रतिनिधियों के साथ उत्तर प्रदेश में उन्नत विनिर्माण इकाइयों की स्थापना की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।फ्रैंकफर्ट हवाईअड्डा प्राधिकरण के प्रतिनिधियों के साथ नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के संदर्भ में लॉजिस्टिक्स एवं वायु-कार्गो सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त डेटा सेंटर स्थापना तथा गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ एवं प्रयागराज में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित स्वास्थ्य परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर भी सहमति बनी।इन उच्चस्तरीय बैठकों और रणनीतिक सहभागिताओं को उत्तर प्रदेश को रक्षा नवाचार, सेमीकंडक्टर विनिर्माण तथा डिजिटल प्रौद्योगिकी के वैश्विक मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।