स्वस्थ तरीके से वजन बढ़ाने के लिए पौष्टिक आहार अपनाएं: प्रो. डॉ. नवीन सिंह

स्वस्थ तरीके से वजन बढ़ाने के लिए पौष्टिक आहार अपनाएं: प्रो. डॉ. नवीन सिंह

बस्ती। कम वजन से परेशान लोगों के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार अपनाना आवश्यक है। यह जानकारी विश्व संवाद परिषद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा प्रकोष्ठ, भारत के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. डॉ. नवीन सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि वजन बढ़ाने के लिए जंक फूड नहीं, बल्कि पोषक तत्वों से भरपूर प्राकृतिक आहार का चयन करना चाहिए।

डॉ. सिंह के अनुसार बादाम तंत्रिकाओं के विकास के लिए अत्यंत लाभकारी है और स्वस्थ वसा का अच्छा स्रोत है। प्रतिदिन एक मुट्ठी बादाम का सेवन शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है तथा वजन बढ़ाने में सहायक होता है। नारियल के दूध में भोजन पकाने से कैलोरी की मात्रा बढ़ती है, जिससे वजन में वृद्धि होती है।

उन्होंने बताया कि अखरोट में मोनोअनसेचुरेटेड फैट प्रचुर मात्रा में पाया जाता है, जो स्वस्थ कैलोरी प्रदान करता है। केला तुरंत ऊर्जा देने वाला फल है और वजन बढ़ाने में सहायक माना जाता है। काजू का नियमित सेवन शरीर को ऊर्जा देने के साथ त्वचा और बालों के लिए भी लाभकारी है।

प्रो. सिंह ने कहा कि फुल क्रीम से बना पनीर उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन का अच्छा स्रोत है, जो मांसपेशियों के विकास में मदद करता है। बीन्स की एक कटोरी में पर्याप्त कैलोरी और पोषण तत्व होते हैं, जो स्वस्थ वजन बढ़ाने में सहायक हैं। किशमिश ऊर्जा और फाइबर का अच्छा स्रोत है, जो शरीर को ताकत प्रदान करती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वजन बढ़ाने के लिए संतुलित आहार के साथ नियमित व्यायाम और पर्याप्त नींद भी आवश्यक है। आयुर्वेद प्राकृतिक और संतुलित जीवनशैली पर बल देता है, जिससे शरीर स्वस्थ एवं सुदृढ़ बनता है।

प्रो. डॉ. नवीन सिंह ने कहा कि स्वस्थ वजन वृद्धि के लिए प्राकृतिक, पौष्टिक और संतुलित आहार को अपनाना ही सर्वोत्तम उपाय है।