भीषण सड़क हादसे में एक साइकिल सवार व्यक्ति की हुआ मौत

भीषण सड़क हादसे में एक साइकिल सवार व्यक्ति की दर्दनाक मौत

नौतनवां (महराजगंज) रविवार सुबह सोनौली कोतवाली अन्तर्गत कुन्सेरवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक साइकिल सवार व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गयी।

 

मिली जानकारी के अनुसार नेपाल के लुंबिनी से श्रावस्ती जा रही एक टूरिस्ट बस ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने बस का पीछा कर उसे छपवा टोल प्लाजा के पास पकड़ लिया।

 

मृतक की पहचान इब्राहिम अंसारी (45) के रूप में हुई है। हादसा नेशनल हाईवे-24 पर कुन्सेरवां स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास हुआ।

 

आक्रोशित लोगों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

सूचना पर नौतनवा क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम, सोनौली थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद व नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को उचित कार्रवाई और न्याय का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।

बताया जा रहा है कि बस में कुल 48 यात्री सवार थे। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।