बिहार ब्लॉक परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान: खंड विकास अधिकारी के नेतृत्व में हुई व्यापक सफाई, कर्मचारियों के समर्पण की सराहना
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
जनपद बिहार के विकास खंड परिसर में बुधवार को एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान खंड विकास अधिकारी (BDO) मिर्जा इरफान वेग और एडीओ पंचायत बृजेश सिंह के कड़े दिशा-निर्देशों में संपन्न हुआ। अभियान के तहत, सफाई कर्मियों ने पूरे परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया। परिसर के हर कोने, रास्तों और कार्यालय के आसपास जमी गंदगी को हटाकर उसे पूरी तरह साफ किया गया।इस सफाई अभियान में न्याय पंचायत रोर और पुवासी न्याय पंचायत के सफाई कर्मचारी मुख्य रूप से शामिल रहे। इनमें विपिन कुमार, राम आसरे, मदन लाल सरोज, हरिश्चंद्र, राजकुमार गौतम, देवा, देव चंद्र, रामनाथ, रजिंदर, नंदलाल मौर्या और विनोद गुप्ता ने सक्रिय भूमिका निभाई।
खंड विकास अधिकारी मिर्जा इरफान वेग ने बताया कि सरकारी परिसरों की स्वच्छता न केवल कार्यालय के वातावरण को सकारात्मक बनाती है, बल्कि आम जनता के लिए भी एक अच्छा संदेश देती है। उन्होंने अभियान में शामिल कर्मचारियों के समर्पण की सराहना की और भविष्य में भी इसे निरंतर बनाए रखने की बात कही।